हो जाएँ सावधान, ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फ़ैल रहा कोरोना का संक्रमण
• लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही साबित हो सकती है जानलेवा
• लॉकडाउन का अनुपालन नहीं करना बन सकता है मुसीबत
• मास्क, शारीरिक दूरी और हाथों की नियमित सफाई है कोरोना से बचाव का मूलमंत्र
पटना/ 29 जुलाई
कोरोना महामारी का प्रकोप पूरे जिले में लगातार बढ़ रहा है. प्रतिदिन नए इलाकों से लोगों के संक्रमित होने की ख़बरें आ रही हैं. प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के संक्रमित होने की संख्या में वृद्धि हुई है. राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन लगाया गया है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर नहीं के बराबर दिख रहा है. लोग बेपरवाह इधर उधर घूमते भी नजर आ रहे हैं. कई प्रखंडों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इलाकों को सील कर कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है. तमाम उपायों के बावजूद कुछ लोग मास्क जैसे जरूरी उपायों का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. यह स्थिति खतरनाक है जो समुदाय के लिए गंभीर हो सकता है।
घर में रहकर स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन का करें सहयोग:
स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विवेक कुमार ने बताया जिला प्रशासन द्वारा लोगों को कोरोना के खतरे से जागरूक करने के लिए कई प्रयास किये जा रहे हैं. इस समय लोगों से अपेक्षा है कि अपने घरों में रहें और संक्रमण से लड़ाई में अपना सहयोग दें. कोरोना का संक्रमण लोगों के शारीरिक संपर्क में आने से तेजी से फैलता है। स्वास्थ्य विभाग लगातार कोरोना से समबंधित टेस्ट में तेजी लाने और इसकी पहुँच सभी तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है. सभी प्रखंडों में रैपिड एंटीजन टेस्ट की शुरुआत की गयी है, जिससे संक्रमित लोगों की पहचान हो सके और उन्हें जरुरी चिकित्सीय सुविधा प्राप्त हो सके. संयम रखकर और सावधानी बरतकर स्वयं को इस महामारी से सुरक्षित रखा जा सकता है और लापरवाही घातक साबित हो सकती है.
मास्क, शारीरिक दूरी और हाथों की नियमित सफाई है कोरोना से बचाव का मूलमंत्र:
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाईन में यह स्पष्ट बताया गया है कि कोरोना के संक्रमण से बचाव का सबसे सुरक्षित तरीका है शारीरिक दूरी का पालन करना. कोरोना का संक्रमण लोगों के आपसी संपर्क में आने से तेजी से फैलता है और यह पता करना कठिन होता है कि संक्रमण की शुरुआत किस व्यक्ति से हुई है. इसलिए सरकार निरंतर लोगों को शारीरिक दूरी अपनाने की विनती कर रही है. अपने कार्यस्थल में अथवा बाजार में 6 फीट की दूरी रखकर और मास्क का प्रयोग करके खुद को कोरोना के संक्रमण से बचाया जा सकता है. मास्क का उपयोग करते समय यह ध्यान रखने की जरुरत है कि इसकी नियमित सफाई भी की जा रही है. हाथों की साबुन पानी या अल्कोहल युक्त सैनीटाईजर से नियमित सफाई करके भी खुद को इस महामारी के चपेट में आने से बचाया जा सकता है.
संक्रमण के लक्षण नजर आते ही करें चिकित्सकों से संपर्क:
कोरोना के लक्षण दिखाई पड़ते ही अविलम्ब चिकित्सीय सलाह लेकर जरुरी प्राथमिक उपचार प्राप्त करना आवश्यक है. लक्षणों को नजरंदाज करना या हल्के में लेना घातक साबित हो सकता है. लक्षण नजर आते ही अपनी जांच कराएँ एवं चिकित्सीय सलाह लें.
The post हो जाएँ सावधान, ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फ़ैल रहा कोरोना का संक्रमण appeared first on Starbluenews.
from WordPress https://starbluenews.com/archives/6450
Comments
Post a Comment